अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में अब मरीजों को डिजीटल एक्सरे की सुविधा मिलेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रयास आरंभ कर दिए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग पुरानी एक्सरे मशीनों में ही डिजीटल एक्सरे की सुविधा प्रदान करने के लिए डीआर सिस्टम एडीशन किया जाएगा। इस कार्य के लिए खर्च होने वाले बजट का भी विभाग ने आकलन तैयार करवाया रहा है। इतना ही नहीं, पुराने एक्सरे की भांति ही डिजीटल एक्सरे के लिए आरकेस के तहत रेट निर्धारित किए जाएंगे। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधा मिलने से मरीजों को डिजीटल एक्सरे करवाने के लिए जिला मुख्यालय या निजी लैबों में नहीं जाना पड़ेगा।
गौरतलब हो कि जिले की छह लाख की आबादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पर निर्भर है।
वर्तमान समय में स्वास्थ्य केंद्र भरमौर, तीसा, सलूणी, चुवाड़ी, किहार और डलहौजी में रेडियालॉजिस्ट नहीं होने से मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा या निजी क्लीनिकों का ही रुख करना पड़ता है। ऐसे में मरीजों की सहूलियत को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में पुराने एक्सरे मशीनों में एडिशन कर डिजीटल एक्सरे की सुविधा प्रदान करवाने की योजना तैयार की है। डिजीटल एक्सरे सुविधा प्रदान करवाने के लिए बाकायदा आउटसोर्स के माध्यम से सेवाएं ली जाएंगी। डिजीटल एक्सरे की रिपोर्ट भी ऑनलाइन मिलेगी। मरीजों को डिजीटल एक्सरे करवाने के बाद ठगा न जाए इसके लिए डिजीटल एक्सरे की एवज में बाकायदा रेट निर्धारित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर इस प्रकार की व्यवस्था करने के लिए औपचारिकताएं पूरी करना शुरू कर दिया है।
इनसेट
एमएस डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में पुरानी एक्सरे मशीनों में डीआर सिस्टम एडिशन कर डिजीटल एक्सरे करवाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने कदम बढ़ा दिए हैं। इस व्यवस्था का मकसद मरीजों को घर द्वार सहूलियत प्रदान करवाना है।