होली (चंबा)। होली-न्याग्रां सड़क तीन दिनों के बाद रविवार को बहाल हो गई है। अब बसों सहित अन्य वाहन दियोल से आगे न्याग्रां तक जा पाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। शुक्रवार को घडोह के पास पहाड़ी तरकने से मार्ग बाधित हो गया था। इससे पहले बसें दियोल तक ही जा रही थी। इस वजह से लोगों को दियोल के आगे न्याग्रां तक जाने के लिए लोगों को 10 किमी पैदल या छोटे वाहनों में सफर करना पड़ रहा था। शुक्रवार को घडोह के पास पहाड़ी दरक कर जमींदोज हो गई थी। इससे उपरोक्त मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से बंद हो गया। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही विभाग की ओर से मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया। मगर मार्ग पर मलबा इतना ज्यादा था कि जिसे हटाने में तीन दिनों का समय लग गया। सड़क बंद होने से वाहनों की आवाजाही तो दूर लोगों को यहां से गुजरने में भी मुश्किलें आ रही थी। ढोगरु राम, प्रताप चंद, रुपणू, ज्योति, डोंकू, हिम्मत, घलोरा, भुुंखू, जोंफी, अमर नाथ, गगन कुमार और सुरेश ने बताया कि उपरोक्त स्थान पर भारी भूस्खलन होने से मार्ग बंद हो गया था। इसकी वजह से न्याग्रां और होली के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को दियोल तक ही बस सेवा मिल पा रही थी। इसके आगे का सफर उन्हें पैदल ही तय करना पड़ रहा था। भूस्खलन होने से 50 मीटर तक सड़क का नामोनिशान मिट गया।
वाहनों के लिए बहाल हुआ मार्ग : अजय नाग
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजय नाग ने बताया कि सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है। मलबा ज्यादा होने की वजह से मार्ग को बहाल करने में तीन दिन लगे।