चंबा। वन विभाग ने करियां-बैली सड़क निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को गलत कंटिंग करने के बारे में नोटिस जारी किया गया है। वन विभाग के मुताबिक बिना प्रोटेक्शन वर्क के किए जा रहे इस कार्य से वन संपदा को बड़े पैमाने पर नुकसान हो रहा है। इसको देखते हुए प्रोटेक्शन वर्क करने के बाद ही सड़क निर्माण का कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। अगर कोई भी मशीनरी निर्माण कार्य करती हुई पाई जाती है तो उसे जब्त कर दिया जाएगा। साथ ही संबंधित ठेकेदार को भी जुर्माना लगाया जाएगा। सड़क निर्माण के दौरान इस कदर गलत कटिंग हुई है कि पेड़-पौधे को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इसके लिए विभागीय कर्मचारी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। वन विभाग के अनुसार सड़क निर्माण से हो रहे भूस्खलन की वजह से चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर भी पत्थर गिर रहे हैं। इन पत्थरों की चपेट में कभी भी कोई वाहन या पैदल राहगीर आ सकता है। इन परिस्थितियों को देखते हुए वन विभाग ने लोनिवि को नोटिस जारी कर सड़क निर्माण कार्य को रोकने का फैसला लिया है। वन विभाग की टीम ने शनिवार को मौके पर जाकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कई पेड़-पौधे सड़क से निकले मलबे की वजह से क्षतिग्रस्त पाए गए। इसके अलावा सड़क की गलत कटिंग से भी पैदा हुए खतरे को महसूस किया। इसको देखते हुए वन विभाग ने लोक निर्माण विभाग को सड़क का कार्य बंद करवाने के निर्देश जारी किए। ताकि किसी प्रकार का जान माल का नुकसान नहीं हो सके।