चंबा। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा रफ्तार पकड़ने लगा है। जिले में शुक्रवार को एक साथ 13 नए मामले आए हैं। पहले जहां जिले में कभी कभार तीन से चार कोरोना पॉजिटिव के मामले आ रहे थे। वहीं, अब रोजाना दस से अधिक कोरोना के मामले आ रहे हैं।
चंबा शहर के धड़ोग मोहल्ला में शुक्रवार को 9 नए कोरोना एक्टिव के मामले सामने आए हैं। यहां इससे पहले एक साथ 16 मामले आए थे। इसके अलावा एनएचपीसी कॉलोनी में एक सीआईएसएफ के जवान की रिश्तेदार युवती सहित डलहौजी में सेना का जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये दोनों होम क्वारंटीन थे और इनका यात्रा इतिहास भी है। युवती कर्नाटका से लौटी थी तो सेना का जवान लेह से चंबा लौटा था, इसके अलावा शहर के चर्च मोहल्ला में दो लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। सबसे ज्यादा चिंता धड़ोग में आए 9 कोरोना संक्रमितों ने बढ़ाई है। क्योंकि इनका कोई भी यात्रा इतिहास नहीं है। ये लोग किस प्रकार से कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। यह पहेली बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस पहेली को सुलझाने में लगे हैं। क्यास लगाए जा रहे हैं कि धड़ोग में कहीं न कहीं पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कोविड-19 नियमों की अवहेलना हुई है। इस कारण कोरोना का इतना बड़ा ब्लास्ट हो रहा है।
वीरवार को धड़ोग मोहल्ला से सौ सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए पीसीआर लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट जल्द ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी और प्रशासन के पास पहुंच सकती है। इस रिपोर्ट में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल सही स्थिति रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। धड़ोग सहित अन्य इलाकों में निकले कोरोना पॉजिटिव को कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही इन लोगों को उपचार के लिए एंबुलेंस के जरिये कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट करेगा। जहां पर उनका उपचार होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा के धडोग मोहल्ले में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए जिन लोगों के सैंपल लिए गए थे। उनमें 9 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा चर्च मोहल्ला में दो और दो अन्य लोग जो कि बाहर से आए थे। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। विभाग आगे की कार्यवाही को अंजाम दे रहा है।