अमर उजाला ब्यूरो
पुखरी (चंबा)।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुखरी में रविवार को वार्षिक समारोह मनाया गया। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अवनेश ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल के प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
मुख्यातिथि ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज स्कूली छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना से किया। इसके बाद हिंदी और पहाड़ी गीत प्रस्तुत किए। गिद्दे की दी गई प्रस्तुति को सभी ने सराहा।
प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इसमें लोगों को साल भर की विभिन्न शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य ने कहा कि स्कूली छात्र-छात्राओं ने जहां शैक्षणिक स्तर पर बेहतरीन उपलब्धियां हासिल की हैं तो वहीं खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने से विद्यार्थी स्वस्थ रहता है। इस मौके पर दीप सिंह खन्ना, सुरेंद्र गौत्तम, आशीष ठाकुर, शेर सिंह, मनोज कुमार, ठाकरू राम, कांता देवी, हरमिंद्र सिंह, कुलदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
0000