चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में 12 सितंबर से तीन दिन तक हृदय रोग के मरीज अपनी बीमारी का इलाज विशेषज्ञ से करवा पाएंगे। इसके लिए चंबा मिलेनियम पीपल्स सोसायटी 12 से 14 सितंबर तक हृदय रोग जांच शिविर लगाएगी।
शिविर में आईजीएमसी शिमला में कार्यरत हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राजीव मरवाह, डॉक्टर राजेश शर्मा और डॉक्टर रत्न चंद ठाकुर सेवाएं देंगे। इस दौरान मरीजों के ईको टेस्ट और ईसीजी भी की जाएगी। सोसायटी के जिला अध्यक्ष विनीत बिज ने बताया कि नौ साल से सोसायटी यह शिविर लगा रही है। इससे जिले के सैकड़ों हृदय रोगियों को स्वास्थ्य जांच विशेषज्ञ से करवाने की सुविधा मिलती है। अन्यथा, मरीजों को शिमला या चंडीगढ़ जाना पड़ता है। जिला चंबा में अभी तक कोई भी हृदय रोग विशेषज्ञ मरीजों की सुविधा के लिए उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि दस और 11 सितंबर को पंजीकरण किया जाएगा। यह मेडिकल कॉलेज में ही होगा। 12 सितंबर से विशेषज्ञ मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। शिविर के दौरान लगभग 1000 मरीजों के हृदय की जांच की जाती है। सोसायटी की तरफ से शिमला में भी मरीजों का इलाज करवाने में पूरी सहायता की जाती है। इस मौके पर सोसाइटी के महासचिव नरेश राणा, लियाकत खान, राशिद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।