अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। शहर में पुराने बस स्टैंड के समीप ज्वेलर शॉप में आग लग गई। घटना शनिवार सुबह की है। इस घटना में करीब पचास हजार रुपये के नुकसान आकलन है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाकर करीब बीस लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित बचाया है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। यह दुकान सतीश कुमार पुत्र चमन लाल की है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब सात बजे अग्निशमन विभाग को सूचना मिली कि पुराने बस स्टैंड के समीप एक ज्वेलर की दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही चालक जितेंद्र सिंह, लीडिंग फायरमैन विजय, फायरमैन किशोरी लाल और प्रताप सिंह मौके के लिए रवाना हुए। अग्निशमन विभाग ने 15 मिनट में आग पर नियंत्रण पा लिया। आग लगने से दुकान में रखे करीब पचास हजार रुपये का सामान जल गया है जबकि लाखों की संपत्ति को सुरक्षित बचा लिया गया है। अग्निशमन केंद्र प्रभारी जसौल राम ने बताया कि अग्निकांड मेें पचास हजार का नुकसान हुआ है। जबकि विभागीय टीम ने बीस लाख रुपये की संपत्ति को सुरक्षित बचाया है।