सोमवार को गांव में शिव नुआले में भगवान शिव शंकर की सुनी महिमा
आज खोले जाएंगे मंदिर के कपाट, हजारों श्रद्धालु दर्ज करवाएंगे उपस्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। कार्तिक स्वामी के दर्शन करने के लिए कुगती गांव श्रद्धालुओं से भर चुका है। सोमवार को एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भरमौर से कुगती के लिए प्रस्थान किया।
कार्तिक स्वामी मंदिर की तरफ जाने के लिए श्रद्धालुओं को मंगलवार सुबह कहा गया है। ऐसे में सभी श्रद्धालु कुगती में ठहर रहे हैं। सोमवार को कुगती गांव में शिव नुआले का आयोजन हुआ। इसमें शिव पार्वती विवाह की गाथा सुनाई गई। भगवान शंकर और कार्तिक स्वामी के जयकारों से गांव का माहौल भक्तिमय हो चुका है। मंगलवार को 134 दिनों के बाद कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। ऐसे में जिला और प्रदेश से श्रद्धालु उनके दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के पुजारी मचलू राम शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंगलवार से पहले मंदिर की तरफ प्रस्थान न करें।
सोमवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने कुगती गांव में जाकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। सड़क में वाहनों का जाम न लगे, इसके लिए उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें। मंगलवार को विधायक डॉक्टर जनकराज भी कार्तिक स्वामी मंदिर की तरफ प्रस्थान करेंगे। उनके अलावा कई अन्य बड़ी हस्थितयां वहां जा सकती हैं।
मंदिर में रखी गड़वी का पानी देगा खुशहाली का संकेत
मंदिर में रखी पानी की गड़वी का पानी क्षेत्र में सूखे और खुशहाली के संकेत देगा। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं की उस गड़वी को देखने की भी इच्छा रहती है। यह गड़वी हर वर्ष कपाट बंद करते समय मंदिर के भीतर रखी जाती है। जब मंदिर को खोला जाता है तो गड़वी का पानी देखा जाता है। मान्यता है कि यदि पानी कम निकला तो क्षेत्र में सूखा आ सकता है और यदि पानी भरा हुआ मिला तो क्षेत्र में खुशहाली रहेगी।