चंबा में गेट मीटिंग के दौरान प्रदर्शन करते परिवहन निगम के कर्मचारी।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। एचआरटीसी चालक-परिचालक यूनियन के पदाधिकारियों ने सरकार को चेताया है कि अगर 29 मई तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो 29 मई रात 12:00 बजे से लेकर 30 मई रात 12:00 बजे तक हड़ताल की जाएगी। कोई भी चालक-परिचालक अपनी सेवाएं नहीं देगा।
वीरवार को यूनियन के पदाधिकारियों ने गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। यूनियन के प्रधान ओमशंकर, जगदीश शर्मा, कुलदीप, चमन सिंह, बलबीर सिंह, अश्वनी राजेश, जगदीप सिंह आदि ने संयुक्त बयान में कहा कि अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए वे पिछले एक सप्ताह से गेट मीटिंग कर रहे हैं लेकिन सरकार और निगम प्रबंधन ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर पेंशन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। साथ ही तीन साल से रात्रि भत्ता भी नहीं दिया गया है। इसके अलावा वे एचआरटीसी निगम को रोडवेज का दर्जा देने की मांग उठा रहे हैं लेकिन इस पर भी कोई गौर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि दस दिनों के भीतर उनकी मांगों को पूरा करें अन्यथा वे 29 मई को 24 घंटे की हड़ताल करेंगे।