हिमाचल के चंबा जिले में रविवार देर रात बोलेरो के खाई में गिर जाने से उसमें सवार 12 लोगों की मौत हो गई। सभी क्रिकेट मैच खेल कर लौट रहे थे।
मरने वाले 12 में से 11 एक ही गांव पलाणी के थे। एक युवक घरेड़ का था, जो ननिहाल आया था। मृतक 11 से 36 की उम्र के थे।
राज्यपाल उर्मिला सिंह और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। सीएम ने जिला प्रशासन से प्रभावितों को हर संभव सहायता देने को कहा है।
चंबा जिले के भरमौर से लगभग 28 किलोमीटर दूर बड़ग्रां पंचायत के पलाणी गांव के क्रिकेट खिलाड़ी रविवार को पांच किलोमीटर दूर मैदान में मैच खेलने गए थे।
रात साढ़े नौ बजे गांव के ही युवक राज कुमार की बोलेरो में सभी वापस लौट रहे थे। रात दस बजे कुंडा ढांक में गाड़ी लगभग 800 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
इससे चालक सहित सभी 12 क्रिकेट खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने युवकों को बचाने के प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और गहरी खाई होने के कारण उन्हें गाड़ी तक पहुंचने में काफी समय लग गया।
ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने बचाव के लिए प्रशासन और पुलिस की मदद भी लेनी चाही, लेकिन किसी अधिकारी ने फोन ही नहीं उठाया।
बाद में 108 एंबुलेंस सेवा को फोन लगा और वहां से अधिकारियों को सूचित किया गया। तब तक देर हो चुकी थी। एडीएम, तहसीलदार, एसएचओ पुलिस टीम के साथ रात करीब तीन बजे घटना स्थल पर पहुंचे।
क्रिकेटरों के शवों का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह दुर्घटना स्थल पर ही किया गया। एडीएम बीआर कमल ने बताया कि पीड़ित परिवारों को दस-दस हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी गई है।