फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Digital House Arrest: सेवानिवृत्त एचएएस अधिकारी को 12 घंटे रखा डिजिटल हाउस अरेस्ट, ठगे 73 लाख

Fri, 27 Sep 2024 06:36 AM IST
अंकेश डोगरा संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर

सार

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक सेवानिवृत्त एचएएस अफसर से 73 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेशों का हवाला देकर शातिरों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिये शिकायतकर्ता को 12 घंटे तक घर में डिजिटल अरेस्ट रखा।
विज्ञापन
साइबर अपराध (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिला हमीरपुर के एक सेवानिवृत्त एचएएस अफसर से 73 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शातिरों ने सीबीआई अफसर बनकर ठगी को अंजाम दिया। सेवानिवृत्त अधिकारी को उनके बैंक खातों का आतंकी गतिविधियों में प्रयोग का डर दिखाकर ठगी की गई है। कोर्ट के आदेशों का हवाला देकर शातिरों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिये शिकायतकर्ता को 12 घंटे तक घर में डिजिटल अरेस्ट रखा।

विज्ञापन


साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य रेंज मंडी को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने कहा कि चार सितंबर को अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीबीआई का अफसर बताया और उनके बैंकों के खातों तथा क्रेडिट कार्ड के हैदराबाद में आतंकी गतिविधियों में प्रयोग होने का डर दिखाया। शातिरों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ 12 घंटे का डिजिटल अरेस्ट वारंट निकाला है। इसके बाद उन्हें वीडियो कॉल के जरिये कई घंटों तक निगरानी में रखा गया और राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बताकर किसी से चर्चा न करने की हिदायत दी गई।

इसके बाद सीबीआई के बड़े अधिकारियों से बात करवाने का नाटक भी रचा गया और कई लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये शिकायतकर्ता से बातचीत की। उनको बैंक खातों में जमा तमाम रुपये की जांच का डर दिखाया गया। शातिरों ने विभिन्न खातों में 73 लाख रुपये डलवा लिए। इस दौरान शिकायतकर्ता ने अपनी तमाम जमापूंजी यहां तक कि एफडी तक को भी तुड़वा दिया। परिवार वालों के नाम पर जमा पैसा भी शातिरों के बताए गए खातों में जमा करवा दिया।
विज्ञापन


शातिरों ने दावा किया है कि तीन दिन तक फंड की जांच करने के बाद रुपये उनको लौटा दिए जाएंगे। एक दिन में कुल 47 लाख रुपये शातिरों में जमा करवाए। चार सितंबर से लेकर 12 सितंबर तक 73 लाख की ठगी को इस तरह से अंजाम दिया गया। इसके बाद शातिरों ने जमीन की जांच का डर दिखाना शुरू किया। जब शिकायतकर्ता को शक हुआ तो उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य रेंज मंडी को संपर्क किया। मामले में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

विज्ञापन

डरें नहीं, तुरंत 1930 पर शिकायत करें
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य रेंज मंडी के एएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि 21 लाख के करीब पैसा बैंक खातों में फ्रीज कर दिया गया है। कोर्ट के माध्यम से यह पैसा शिकायतकर्ता को दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की फर्जी कॉल के डर में न आएं। किसी भी तरह से ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या साइबर क्राइम थाना मंडी के दूरभाष नंबर 01905-226900 पर या ईमेल आईडी- pscyber-cr@hp.gov.in पीएससाईबर-सीआर एट द रेट एचपी.जीओवी.इन पर शिकायत दर्ज करें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें