बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर कुछ लोगों ने बाइक सवार पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद गंगवार के कार चालक व राष्ट्रीय योगी सेना के कार्यकर्ता को रंजिशन तीन लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। विरोध में योगी सेना के तमाम कार्यकताओं ने कोतवाली में थाना प्रभारी का घेराव कर लिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर रिपोर्ट दर्ज की है।
मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम धनेली उत्तरी निवासी देवेंद्र उर्फ देवराज सिंह गांव के ही पूर्व विधायक ज्चाला प्रसाद गंगवार का कार चालक व राष्ट्रीय योगी सेना का कार्यकर्ता भी है। देवेंद्र के अनुसार, उसकी पत्नी नगर में एक शोरुम पर काम करती है। आरोप है कि शोरुम स्वामी राजेंद्र ने उसे आज फोन करके बुलाया था। वह बाइक से गुरुवार की अपराह्न करीब सवा तीन बजे नगर को आ रहा था। नगर में बाइपास के पास आरोपी शोरूम स्वामी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ उसके उपर लाठी डंडों आदि से प्रहार करके उसे गंभीर घायल कर दिया। इसके बाद वह घायल हालत में कोतवाली पहुंचा, जहां पुलिस ने उसकी शिकायत को तबज्जो नहीं दी तो उसने मामले की सूचना तत्काल राष्ट्रीय योगी सेना के कार्यकर्ताओं को दी। जिलाध्यक्ष विकास पाठक घटना की सूचना पाकर तमाम कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए थाना प्रभारी इंद्रेश सिंह से शिकायत की। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल भेजकर तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला रंजिश का लग रहा है, जिसकी जांच कराई जा रही है।