धरोट यार्ड में बिछीं दो लाइनें,थलू से धरोट तक ट्रैक पर गिट्टी बिछाने का काम जारी
भानुपल्ली से बिलासपुर तक 2027 में रेललाइन पहुंचाने का है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन परियोजना के तहत भानुपल्ली से धरोट तक इसी साल ट्रेन दौड़ाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। रेलखंड के अंतिम हिस्से में ट्रैक बिछाने और गिट्टी डालने का काम जारी है। धरोट यार्ड में दो लाइनें बिछाई जा चुकी हैं, जबकि तीसरी लाइन का काम शेष है। थलू से धरोट के बीच करीब 21 किलोमीटर के हिस्से में गिट्टी की आपूर्ति की जा रही है। इस रेलखंड की कमीशनिंग के लिए निर्माण कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
धरोट यार्ड रेलखंड का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां दो लाइनें बिछने के बाद तीसरी लाइन का काम पूरा किया जा रहा है। वहीं, थलू तक ट्रैक तैयार हो चुका है। अब थलू से धरोट के बीच गिट्टी बिछाने और अन्य शेष कार्यों को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। रेलखंड को चालू करने से पहले ट्रैक और अन्य संरचनाओं से जुड़े जरूरी तकनीकी कार्य पूरे करने होंगे। ट्रैक निर्माण से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, थलू तक ट्रैक तैयार होने के बाद अब आगे के हिस्से में गिट्टी बिछाने और शेष कार्यों को पूरा करने पर जोर है। पुलों, सुरंगों और ट्रैक से जुड़े काम पूरे होने के बाद रेलखंड को चालू करने से पहले तकनीकी जांच और कमीशनिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस हिस्से की फाइनल कमीशनिंग 25 दिसंबर के बाद प्रस्तावित है। परियोजना के तहत इसी साल धरोट तक ट्रेन पहुंचाने का लक्ष्य है, जबकि भानुपल्ली से बिलासपुर तक रेललाइन पहुंचाने का लक्ष्य वर्ष 2027 निर्धारित किया गया है।
भानुपल्ली स्टेशन पर इंटरलॉकिंग का परीक्षण सफल
इससे पहले भानुपल्ली रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के पहले चरण का साइट स्वीकृति परीक्षण सफल रहा है। रेल विकास निगम लिमिटेड चंडीगढ़ के संयुक्त महाप्रबंधक (एसएंडटी) ने परीक्षण के दौरान सिग्नल, रेलमार्ग और पॉइंट की कार्यप्रणाली जांची। इसमें यह भी परखा गया कि ट्रैक पर ट्रेन खड़ी होने की स्थिति में सिग्नल न मिले और ट्रेन स्टेशन की ओर आने पर स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना पहुंचे। साइट पर उपकरणों की फिटिंग का काम पूरा हो चुका है। अब सिस्टम का लॉजिक तैयार करने और सॉफ्टवेयर अपलोड करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत इंटरलॉकिंग प्रणाली को चालू किया जाएगा। यह व्यवस्था रेल संचालन के दौरान सिग्नल, ट्रैक और पॉइंट के बीच सुरक्षित तालमेल बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगी।
अधिकारियों ने लिया निर्माण कार्यों का जायजा
रेल विकास निगम लिमिटेड के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुराग गुप्ता ने हाल ही में भानुपल्ली-बिलासपुर रेललाइन परियोजना का निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माणाधीन पुल नंबर 12 और 13 का जायजा लिया। इसके बाद धरोट से थलू तक करीब 15 किलोमीटर पैदल चलकर निर्माण कार्यों की प्रगति जांची। इस दौरान निर्माण कार्य कर रही मैक्स और एसपी सिंगला कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्हें 25 अक्तूबर तक निर्धारित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए थे।