केमरी (रामपुर )। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद दोनों लोग फंदे पर लटक गए। जिसमें पत्नी की मौत हो गई तो पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाहिता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं पुलिस ने तहसीलदार मिलक की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव पीएम को भेजा है।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम हुरमतनगर निवासी सत्यवीर सिंह (25) रविवार की सुबह करीब दस बजे अपनी पत्नी पूनम (20) के साथ अपने घर के कमरे में पंखे पर साड़ी का फंदा बनाकर लटक गया। दंपती के फंदे पर लटकने के बाद सत्यवीर की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जब उसके घर पहुंचे तो कमरे में देखा कि दंपती फंदे पर लटके हुए थे। ग्रामीणों ने आननफानन में दोनों को फंदे से नीचे उतारा तो पूनम की मौत हो चुकी थी और सत्यवीर की हालत गंभीर थी। सत्यवीर को परिजन आननफानन में नगर के एक चिकित्सक के पास उपचार के लिए लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने मामले की सूचना मृतका के पिता जीवन सिंह निवासी ग्राम कल्यानपुर थाना शहजादनगर को दी। सूचना पाकर मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए और उनकी सूचना पर केमरी थाना प्रभारी इंद्रेश सिंह, मिलक तहसीलदार अशोक कुमार भी पहुंच गए। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में कर लिया। मृतका के पिता ने पति, सास, ससुर के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसने अपनी पुत्री पूनम की शादी करीब दो माह पूर्व 21 मई को सत्यवीर के साथ की थी। आरोप है कि शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार काफी दान दहेज दिया था, मगर ससुराल वाले दहेज और लाने के लिए उसकी बेटी को परेशान करते थे। आरोप है कि सभी ने उसकी पुत्री को दहेज की खातिर फंदे पर लटका कर मार डाला। इस दौरान सत्यवीर बहाने बनाकर अस्पताल में भर्ती हो गया। पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल में भर्ती युवक ठीक है।