बारिश होते ही धुंध के आगोश में बिलासपुर का रौड़ा सेक्टर।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं (बिलासपुर)। जिले में शुक्रवार रात एकाएक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं और गड़गड़ाहट के साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। इससे किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली। बारिश होने से क्षेत्र में ठंड का प्रकोप और ज्यादा बढ़ गया है।
जिले के अधिकतर किसान अच्छी फसल के लिए बारिश पर ही निर्भर हैं। किसान इस बारिश से काफी खुश हैं। जिले में अब ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है। किसान खाद डालने के लिए खेतों का रुख कर रहे हैं। बताते चलें कि वर्तमान में जिले की करीब 31878 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं, 15 हजार हेक्टेयर पर दालें और 2600 हेक्टेयर भूमि पर सब्जियों की खेती की जा रही है। जिले के अधिकतर क्षेत्र खेतीबाड़ी के लिए बारिश पर ही निर्भर हैं। यह बारिश उनके लिए वरदान सिद्ध हुई है।
किसानों नंदलाल, प्रदीप कुमार, मंशाराम, दिलेराम, प्यार सिंह, नील कमल और महंतो राम ने कहा कि इस बारिश से अच्छी फसल होने की उम्मीद है।