- दोनों पार्टियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पारदर्शी एवं निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया की सुनिश्चिता के तहत रविवार को मतदान से संबंधित अभिलेखों (प्रारूप 17) की जांच राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में की गई। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने दी।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर सदर और श्री नयना देवी जी निर्वाचन क्षेत्र के लिए यह जांच की गई। निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत पर्यवेक्षक प्रवीण तिवारी की देखरेख में जांच कार्य पूर्ण किया गया। उल्लेखनीय है कि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की छेड़छाड़ आदि की जांच परख के लिए ये स्क्रूटनी कार्य किया जाता है। उन्होंने बताया कि भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर के प्रतिनिधि के तौर पर सोनल शर्मा और कांग्रेस के उम्मीदवार सतपाल रायजादा के प्रतिनिधि के तौर पर आदित्य मोहन खन्ना ने इस स्क्रूटनी में भाग लिया।