- कलोल स्कूल में एनएसएस शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कलोल में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय आवासीय शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ। शिविर के समापन पर पवन धीमान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी करतार सिंह ने बताया कि इस शिविर में 51 स्वयंसेवियों ने पाठशाला परिसर की सफाई और फूलों की क्यारियों का निर्माण किया। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवियों ने गोद लिए गांव भराड़ी के रास्तों की मरम्मत का कार्य किया। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलोल के परिसर की सफाई की। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रवक्ताओं ने स्वयंसेवियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि पवन धीमान ने स्वयंसेवियों द्वारा किए गए कार्यों की खूब प्रशंसा की। साथ ही स्वयंसेवियों को सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता पर करने के लिए हमेशा तैयार रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।