ऋषिकेश(बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऋषिकेश में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवियों ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को एकता, सद्भाव और नैतिकता का संदेश दिया। इसके बाद गोद लिए गांव डमली में स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। शिविर में सेवानिवृत्त प्रवक्ता भारती शर्मा ने विद्यार्थियों को सामाजिक और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया।
दिन की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई। स्वयंसेवियों ने ऋषिकेश क्षेत्र में प्रभात फेरी निकालकर माहौल को भक्तिमय बनाया। इस दौरान उन्होंने लोगों को सकारात्मक सोच अपनाने और समाज में आपसी एकता व सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने अपने गोद लिए गांव डमली में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई कर श्रमदान किया और ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में बताया। शाम को स्वयंसेवियों की शारीरिक फिटनेस बेहतर बनाने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया गया।