.17 मार्च को तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे मेले का शुभारंभ
. उपायुक्त बोले, इस बार मेले में लोगों की सुविधा और मनोरंजन का रखा जा रहा विशेष ध्यान
-नलवाड़ी मेले को राष्ट्र स्तरीय दर्जा दिलाने के लिए प्रशासन शुरू करेगा कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर के लुहणू मैदान में 17 से 23 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले राज्यस्तरीय नलवाड़ी मेले में इस बार बॉलीवुड गायक पद्मश्री कैलाश खेर और प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर लोगों का मनोरंजन करेंगे। जिला प्रशासन ने दोनों अंतरराष्ट्रीय गायकों को मेले में शिरकत करने के लिए निमंत्रण भेजा था। दोनों ने मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में शिरकत करने के लिए हामी भरी है। 21 मार्च की रात 8 से 10 बजे तक पद्मश्री कैलाश खेर कैलाशा बैंड के साथ प्रस्तुति देंगे। वहीं मेले की अंतिम संध्या 23 मार्च को गुरनाम भुल्लर संगीत की महफिल सजाएंगे।
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बचत भवन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए यह जानकारी दी। बताया कि 17 मार्च को मेले का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे। लक्ष्मी नारायण मंदिर से विधिवत झांकी निकाली जाएगी। इस झांकी में महिला मंडल,आंगनबाड़ी वर्करों, भाषा एवं संस्कृति विभाग की टुकड़ियां विशेष शोभा रहेंगी। वहीं झांकी में होमगार्ड के जवानों की टुकड़ी को भी शामिल करने की योजना है। उन्होंने कहा कि एसडीएम अभिषेक कुमार गर्ग के सराहनीय प्रयासों से इस बार प्रशासन को मेले के लिए बेहतर राजस्व मिला है। मेले के इतिहास में पहली बार मेला ग्राउंड की ऑक्शन एक करोड़ की हुई है। वहीं एसडीएम ने विभिन्न परियोजनाओं, बैंकों के माध्यम से जो राजस्व जुटाया वह काबिले तारीफ है। उनके इन्हीं प्रयासों के चलते मेले में लोगों को उच्च स्तर की सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएगी। पद्मश्री कैलाश खेर और गुरनाम भुल्लर के अलावा सांस्कृतिक संध्याओं में पुलिस बैंड, अनुज शर्मा और हेमंत शर्मा सांस्कृतिक संध्याओं में चार चांद लगाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि हम यह सभी चीजें इसलिए कर रहे हैं, ताकि लोगों का भरपूर मनोरंजन हो। इस मेले के स्तर को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि लोगों के सुझाव आए हैं कि इस मेले को राष्ट्र स्तरीय किया जाए। राज्य स्तरीय मेले को राष्ट्र स्तरीय करने के लिए भी सरकार को प्रस्ताव भेजेंगे।
इनसेट
जिले में इस बार होंगे दो राज्य स्तरीय मेले
इस बार जिले के घुमारवीं में 5 से 9 अप्रैल तक होने वाले ग्रीष्मोत्सव को भी राज्य स्तरीय दर्जा मिला है। इस बार इस मेले को भी राज्य स्तरीय मनाया जाएगा। वहीं इसका स्तर बढ़ने से उम्मीद बढ़ी है कि बिलासपुर के राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले को राष्ट्रीय स्तर का किया जाएगा।
इनसेट
इस बार लोगों के लिए होगा साउंड एंड लाइट शो
राज्य स्तरीय मेले में जिला प्रशासन इस बार लाइट एंड साउंड के 10 मिनट के शो का भी आयोजन कराएगा। इस शो में नलवाड़ और बिलासपुर के इतिहास और प्रगति के बारे में बताया जाएगा। ताकि जिले की नई पीढ़ी को बिलासपुर के इतिहास के बारे में जानकारी हो। वहीं अंतिम संध्या में फायर वर्कस, ग्रीन फायर क्रैकर्स का भी शो किया जाएगा।
इनसेट
मेले में लगाया जाएगा जर्मन हैंगर टेंट
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि बारिश या धूप में मेले में आने वाले लोगों को कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कार्यक्रम स्थल को जर्मन हैंगर टेंट से कवर किया जाएगा।