फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: कल्याणा में बदहाल रास्ते से ग्रामीण परेशान, हादसे का बना खतरा

विज्ञापन
नगर परिषद घुमारवीं के कल्याणा वार्ड में बदहाल रास्ता। संवाद
विज्ञापन
पानी की लीकेज ठीक करने के बाद गड्ढों को कच्ची मिट्टी से भरने से बढ़ी समस्या
विज्ञापन

खाद्य आपूर्ति विभाग के भंडार के बाहर रास्ते की हालत और खराब

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद, जलशक्ति विभाग और एसडीएम कार्यालय से महज पांच मिनट की दूरी पर स्थित कल्याणा गांव में बदहाल रास्ता ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। खाद्य आपूर्ति विभाग के भंडार के बाहर रास्ते पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना सूचना दिए आए दिन जेसीबी से रास्ते की खुदाई कर दी जाती है। जलशक्ति विभाग की ओर से पानी की लीकेज ठीक करने के बाद गड्ढों को कच्ची मिट्टी से भर दिया जाता है, लेकिन कुछ ही घंटों बाद दोबारा पानी का रिसाव शुरू हो जाता है। इससे रास्ते पर कीचड़ और गहरे गड्ढे बन रहे हैं। लगातार पानी रिसने से रास्ता दलदल में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार बजरी से भरा ट्रैक्टर भी कई बार इन गड्ढों में फंस जाता है। खाद्य आपूर्ति विभाग के ट्रक दिनभर राशन लाने-ले जाने के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से रास्ते की हालत और खराब हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को भी यहां से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शवयात्रा के दौरान भी रास्ते की खराब हालत के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है और किसी अप्रिय घटना का खतरा बना रहेगा। ग्रामीण हंस राज गौतम, राजकुमार गौतम, रोहन, पंकज, विवेक, अशोक, बशीर मोहम्मद, डॉ. सुरेश शर्मा, डॉ. अमर सिंह, चुन्नी लाल और दीप राज ने एसडीएम, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि केवल गड्ढों में मिट्टी डालने से समस्या का समाधान नहीं होगा। पानी की लीकेज को स्थायी रूप से बंद करने के साथ रास्ते को पक्का और समतल किया जाना चाहिए।
विज्ञापन

कोट
जल्द ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से बात की जाएगी। उन्हें लोगों की समस्याओं से अवगत करवाया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को आ रही दिक्कतों का जल्द निवारण किया जा सके।
विज्ञापन

-अमित कुमार, अध्यक्ष, नगर परिषद, घुमारवीं
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें