घुमारवीं-जाहु हाईवे पर शिव धाम पन्याला के समीप खस्ताहाल सड़क। संवाद
बारिश से गड्ढों में भरा पानी और सड़क पर जमा कीचड़, दोपहिया वाहन चालकों पर मंडरा रहा हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत और निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं-जाहु हाईवे पर शिव धाम पन्याला के समीप खस्ताहाल सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे पड़े हैं। बारिश के कारण मिट्टी जमा होने से मार्ग फिसलन भरा हो गया है। ऐसे में वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यहां हादसे का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है और इस पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क की कई जगह ऊपरी परत उखड़ चुकी है और गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो रहा है। इससे वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने बताया कि बारिश के बाद सड़क पर फैली गीली मिट्टी दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष खतरा बनी हुई है। फिसलन के कारण वाहन अनियंत्रित होने की आशंका रहती है। वहीं, गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से सड़क का निरीक्षण करवाकर गड्ढों को जल्द भरने और सड़क से मिट्टी हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल गड्ढे भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। बारिश के पानी की उचित निकासी की व्यवस्था भी की जानी चाहिए, ताकि सड़क को बार-बार नुकसान न पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि हादसा होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को समय रहते सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
कोट:
सड़क पर कार्य करने के लिए टेंडर आवंटित हो चुका है। बरसात समाप्त होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए विभाग सड़क की आवश्यक मरम्मत करवा देगा।
अनुज पराशर, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग