-नागरिक अस्पताल में मारकंड में मनाया विश्व ओआरएस दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सदर ब्लॉक मारकंड के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुरेंद्र सिंह बावा के दिशा-निर्देश में नागरिक अस्पताल मारकंड में विश्व ओआरएस दिवस मनाया गया। इस मौके पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में वीना ने पहला, लता ने दूसरा और शर्मिला ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्वास्थ्य शिक्षक विजय शर्मा ने बताया कि इस साल की थीम अपने बच्चे को दस्त रोग में जीवन रक्षक (ओआरएस) घोल पिला कर उसकी जान बचाएं है। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनिया भर में पांच साल से कम उम्र के बच्चों में डायरिया की बीमारी से मौत का दूसरा प्रमुख कारण है। यह भारत में बाल्यावस्था में होने वाली मौतों का तीसरा प्रमुख कारण है। दस्त के कारण मरने वाले अधिकांश बच्चे गंभीर निर्जलीकरण और तरल पदार्थ के नुकसान के कारण मर जाते हैं। ओआरएस देकर दस्त से होने वाले निर्जलीकरण को रोका जा सकता है और प्रभावी ढंग से इलाज किया जा सकता है। निर्जलीकरण को रोकने के लिए ओआरएस की सिफारिश की जाती है। ओआरएस में नमक और चीनी का मिश्रण आंत से पानी और इलेक्ट्रोलाइट अवशोषण को उत्तेजित करता है। इससे दस्त और उल्टी के मामले में खोए हुए नमक को बदलने में सहायता मिलती है। ओआरएस को अतिसार (बच्चों और वयस्कों दोनों) के लिए एक सुरक्षित और सबसे प्रभावी उपचार माना जाता है। उन्होंने बताया कि यदि स्थिति खराब हो रही है या यदि लक्षण अभी भी बने रहते हैं तो विस्तृत निदान और उपचार के लिए अपने चिकित्सक से परामर्श करना सबसे अच्छा है। इस अवसर पर आशा वर्कर सहित 25 लोगों ने भाग लिया।