-राजकीय प्राथमिक पाठशाला मिहाड़ा प्रबंधन ने बच्चों का पहला दिन बनाया यादगार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय प्राथमिक पाठशाला मिहाड़ा में नए सत्र 2024-25 के पहले दिन स्कूल पहुंचे बच्चों का जोरदार तरीके से स्वागत किया गया। अध्यापक खूब सिंह ने टीका लगाकर, हार पहनाकर और चॉकलेट बांटकर बच्चों के पहले दिन को यादगार बनाया।
उन्होंने बच्चों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं और भगवान से प्रार्थना की कि उनका आगामी साल खुशियों से भरा हो। बच्चे कड़ी मेहनत कर विद्यालय, माता-पिता और अध्यापकों का नाम रोशन करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह विद्यालय में बच्चों की संख्या में निरंतर वृद्धि होती रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि सरकारी विद्यालय किसी भी प्रकार से कम नहीं हैं। स्कूल में वह बच्चों को निरंतर खेल, व्यावहारिक ज्ञान और संस्कार युक्त शिक्षा देने का निरंतर प्रयास करते रहते हैं। विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए सुंदर कक्ष, फर्नीचर है। इसके अलावा स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर शिक्षा और बहुत सारे प्रोजेक्ट वर्क निरंतर करवाए जाते हैं। ताकि बच्चों के सर्वांगीण विकास में वृद्धि हो। मिहाड़ा पाठशाला के बच्चों ने विभिन्न मंचों पर निरंतर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में 3 साल के बच्चे का दाखिला नर्सरी कक्षा में हो जाता है, इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला मिहाड़ा पाठशाला में करवाएं। इस मौके पर मुख्याध्यापिका प्रेमलता, समस्त स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, बच्चे और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।