-लखनपुर आंबेडकर भवन में आयोजित किया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर संयुक्त संघर्ष मोर्चा की ओर से लखनपुर स्थित आंबेडकर भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मोर्चा के चेयरमैन राजेंद्र भाटिया की अध्यक्षता में संविधान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा के जिलाध्यक्ष सेवानिवृत्त डीएसपी सीताराम कौंडल ने की।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष घुमारवीं रीता सहगल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली घुमारवीं, भगेड़, बैहना जट्टा, डमली, मंडी भराड़ी, रघुनाथपुरा, लखनपुर और शहर की परिक्रमा करते हुए वापस आंबेडकर भवन लखनपुर पहुंची। इस दौरान मोर्चा के विभिन्न वक्ताओं ने संविधान के महत्व और डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष पर अपने विचार प्रकट किए। मुख्यातिथि मोर्चा के प्रदेश सचिव ताराचंद रनौट ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान का निर्माण कर समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा और समरसता के लिए विशेष प्रयास किए। रनौट ने कहा कि वर्तमान में संविधान से छेड़छाड़ कर मूल उद्देश्य को समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। लोकतंत्र पर हावी हो रहे राजतंत्र को लेकर समाज के हर नागरिक को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा वन विभाग में भरे जाने वाले प्रस्तावित 2061 पदों में आरक्षण की समाप्ति को लेकर जो संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है, वह शीघ्र ही सकारात्मक समाचार देगा। सीता राम कौंडल ने कहा कि अपने बच्चों को शिक्षित करने के लिए हरसंभव प्रयास करें, क्योंकि शिक्षा ही है जो भविष्य को संवारती है। इस मौके पर जोगेंद्र सिंह को जिला मंडी और बिलासपुर से विजय कुमार को एससीएसटी युवा विंग का जिलाध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर ओबीसी समाज के प्रदेशाध्यक्ष हरिदास प्रजापति, बरफी देवी, जगजीत सिंह, कर्म सिंह, डीएस धूलिया, अमरनाथ मोहिल्ला, विपिन बंसल, महेंद्र सिंह, देवराज भाटिया, एमएम भट्टी, दिलाराम, प्रभुदयाल जोशी, सूबेदार इंद्र सिंह, सूबेदार रमेश, हारुन मोहम्मद, जमील खान, मोहम्मद रफी, मोहम्मद अमीन, दौलत राम बादल, रमेश बादल, तारा चंद, सुनील कुमार, जीत राम बंसल, श्याम लाल, मनसा राम आदि मौजूद रहे।