स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट कस्बे के समीपवर्ती गांव खुरानी के दो युवकों की पंजाब के कुराली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों बाइक पर सवार होकर घर आ रहे थे। कुरानी के पास ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
खुरानी गांव के इंद्रजीत सिंह पुत्र शिव दयाल और सौरभ ठाकुर पुत्र राममूर्ति सिंह शनिवार को बाइक पर मोहाली से लौट रहे थे। कुराली पहुंचने पर ट्रक की टक्कर से बाइक नीचे गिर गई। हादसे में सौरभ ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल इंद्रजीत सिंह ने पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय दम तोड़ दिया। इंद्रजीत सिंह गरीब परिवार से संबंध रखता है। इंद्रजीत अपने पीछे पत्नी, बेटा व बेटी और बुजुर्ग मां-बाप को छोड़ गया है। सौरभ ने बीटेक की थी। वह हाईकोर्ट चंडीगढ़ में किसी वकील के पास कार्यरत था। दोनों के शव रविवार दोपहर पैतृक गांव खुरानी पहुंचे।