स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत पटवार सर्कल कौलांवाला टोबा में हफ्ते में सिर्फ दो दिन ही पटवारी सेवाएं प्रदान करता है। इस कारण क्षेत्र की 7 हजार की आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने रोष व्यक्त किया है।
बता दें कि करीब 2 माह पहले ही उक्त पटवार सर्कल प्रदेश सरकार ने जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से नयनादेवी के समीपवर्ती इलाके कौलांवाला टोबा में खोला है। ताकि जनता को घरद्वार ही राजस्व संबंधी कार्य आसानी से हो सकें। लेकिन पटवार सर्कल में पटवारी सिर्फ दो दिन ही आ रहा है। दो दिन में लोगों की भीड़ लग जाती है।
अखिल भारतीय हिमाचल किसान सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भाग सिंह चौधरी, जिला बिलासपुर एटक महासचिव कर्म चंद राणा, तहसील नयनादेवी के किसान सभा के अध्यक्ष रामपाल ठाकुर, अखिल भारतीय नौजवान सभा के प्रदेश सचिव अधिवक्ता सुरेश चौधरी ने कहा कि कौलांवाला टोबा में गत 2 माह पहले ही पटवार सर्किल खोला गया है। लेकिन पटवार सर्कल में प्रशासन द्वारा मंगलवार और शुक्रवार को सिर्फ 2 दिन ही पटवारी बैठने की व्यवस्था के चलते स्थानीय जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवार सर्किल कोलांवाला टोबा के अंतर्गत कांगुवाली, बासा, खेड़ी, नंद-बैहल, टोबा, नीलां, झिडियां, लखणु, धरोट की करीब 7 हजार आबादी आती है। हिमाचल किसान सभा नयनादेवी ने प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है कि स्थानीय जनता की समस्या को देखते हुए कौलांवाला टोबा में नियमित रूप से पटवारी की सेवाएं मुहैया कराई जाएं।