प्राजंलि आईटीआई के समीप जीप पर गिर सड़क किनारे का पेड़। स्रोत: जागरूक पाठक
पट्टा-मोरसिंघी सड़क पर प्राजंलि आईटीआई के पास हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पट्टा पंचायत में पट्टा-मोरसिंघी सड़क पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राजंलि आईटीआई के समीप अचानक पेड़ चलती जीप पर गिर गया। हादसे में जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वाहन में सवार लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ। चालक को वाहन रोकने तक का मौका नहीं मिला। पेड़ जीप पर आ गिरा, जिससे वाहन का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ लंबे समय से झुका था। इस संबंध में कई बार प्रशासन और विभाग को बताया लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
प्राजंलि आईटीआई के प्रबंधक हरीश उप्पल ने बताया कि उन्होंने उपमंडलीय अधिकारी घुमारवीं को लिखित शिकायत भेजकर आईटीआई भवन के समीप खड़े तीन से चार पेड़ों को खतरनाक बताया था। शिकायत में कहा गया था कि पेड़ भवन की ओर झुक चुके हैं और उनकी टहनियां भवन के अंदर तक पहुंच रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में खतरा बने पेड़ों को तुरंत हटाया जाए।