श्री नयना देवी मंदिर न्यास की एक मुख्य बैठक मंदिर न्यास के अध्यक्ष हरीश गज्जू की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में फैसला लिया गया कि जो ठेकेदार समय सीमा के भीतर काम नहीं कर रहे उसे ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
उन्होंने न्यास को आदेश दिए कि वो जल्द ही ऐसे ठेकेदारों को नोटिस भेजें। गज्जू ने बताया कि मंदिर के सभी कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान जो भी ठेकेदार समय सीमा के भीतर काम नहीं करवाएगा उसे सख्ती से न्यास निपटेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को वर्दी में ड्यूटी देनी होगी। जबकि मंदिर न्यास के तृतीय श्रेणी के कर्मचारी वर्दी क्रय करेंगे और सभी की वर्दियों पर नाम पटिका तथा पद लिखा होगा।
पुजारियों की लड़कियों की उच्च शिक्षा के लिए न्यास खर्च करेगा। इस पर सभी न्यासियों ने अपनी सहमती जताई तथा इस पर प्रस्ताव को आयुक्त के पास भेजने का फैसला लिया गया। उन्होंने बताया कि मंदिर न्यास के सभी भवनों को राजस्व रिकार्ड में न्यास के नाम करवाने के लिए तहसीलदार के पास भेजा जाएगा। मंदिर न्यास में काम कर रहे कर्मचारियों की पेंशन पर चर्चा हुई तथा निर्णय लिया गया कि प्रस्ताव बनाकर सरकार के पास भेजा जाएगा।
न्यास कर्मचारियों को दिवाली भत्ता देने के लिए भी प्रस्ताव पास किया गया। मंदिर न्यास आयुक्त की वित्तीय शक्तियां बढ़ाने पर चर्चा हुई जिसमें न्यासियों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। इसके तहत न्यास आयुक्त को 1 करोड़ तथा न्यास अध्यक्ष को 20 लाख तथा मंदिर अधिकारी को 10 लाख वित्तीय शक्तियां प्रदान की जाए ताकि विकास को और गति मिल सके।
इसके अतिरिक्त मंदिर कर्मचारियों के निवास की मरम्मत तथा मंदिर न्यास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रध्यापक पद भरने पर भी विचार हुआ। बताया कि स्कूल तथा संस्कृत भवनों को अलग अलग किया जाएगा। वहीं न्यास सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सभी छात्रों की फीस नहीं लेगा तथा उन्हें निशुल्क वर्दी भी प्रदान करेगा।
बैठक में मंदिर अधिकारी मदन चंदेल, एसडीओ राजेश कुंदी न्यासी प्रभात कुमार, मस्त राम, रणजीत सिंह, राम चंद चौहान, कांशी राम चौहान, सूबेदार अशोक कुमार, राजेश कुमार, प्रदीप कुमार, वीर सिंह, राकेश कुमार भी उपस्थित थे।