बिलासपुर। सदर पुलिस ने दिल्ली नंबर की एक कार से गश्त के दौरान 1.2 किलोग्राम चरस बरामद की है। गाड़ी में बैठे तीन युवकों के पास से 33 हजार कैश बरामद हुआ है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस की टीम चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात को गश्त पर थी।
इसी दौरान सदर थाना के नजदीक पुलिस टीम कर्फ्यू के कारण वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रही थी। वहीं, एनएच से आने जाने वाले वाहनों की तलाशी भी ली जा रही थी। इसी दौरान मनाली की तरफ से एक दिल्ली नंबर कार आई। पुलिस ने इसे जांच के लिए रोका। वहीं, जब कार की तलाशी ली तो उसमें से 1.2 किलोग्राम चरस बरामद की। इसके साथ ही गाड़ी से 33 हजार कैश भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने कहा कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के रजत, मिलिंद और निखिल डाबर के रूप में हुई है। कहा कि तीनों दिल्ली वापस जा रहे थे। पुलिस ने इन पर शिकंजा कसा और इनसे चरस और कैश बरामद किया। केस दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।