चंगर शहरी और लुहणू सर्कल के आंगनबाड़ी कम क्रेच केंद्रों में होगी नियुक्ति, 31 जुलाई को साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर, बिलासपुर ने आंगनबाड़ी कम क्रेच केंद्रों में मानदेय आधार पर क्रेच वर्कर और क्रेच हेल्पर के रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
सीडीपीओ सदर सत्या ठाकुर ने बताया कि चंगर शहरी सर्कल स्थित आंगनबाड़ी कम क्रेच केंद्र में एक क्रेच वर्कर और एक क्रेच हेल्पर का पद भरा जाएगा। वहीं, लुहणू सर्कल (सदर-1) के आंगनबाड़ी कम क्रेच केंद्र में एक क्रेच हेल्पर के रिक्त पद के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही आवेदिका संबंधित आंगनबाड़ी कम क्रेच केंद्र के फीडर क्षेत्र की स्थायी निवासी हो तथा उसके परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया 25 अंकों के आधार पर होगी, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, सामाजिक श्रेणी से जुड़े मानदंड और व्यक्तिगत साक्षात्कार को शामिल किया जाएगा। आवेदन के साथ फीडर एरिया प्रमाण पत्र, दसवीं एवं बारहवीं के प्रमाण पत्र, अन्य शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, नवीनतम परिवार नकल तथा लागू होने पर जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन 28 जुलाई सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर, बिलासपुर कार्यालय में जमा कर सकते हैं। चयन के लिए साक्षात्कार 31 जुलाई को सुबह 11 बजे एसडीएम सदर कार्यालय, बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा।