भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के अंतर्गत हटवाड़ पंचायत के देहरा गांव में एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो महिलाएं और एक पांच साल की मासूम बच्ची घायल हो गई। मां और बेटी को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
शुक्रवार को देहरा कस्बे में ट्रैक्टर मिट्टी ढोने का कार्य रहे थे। दोपहर को गांव की एक महिला प्रियंका अपनी बेटी को स्कूल से घर लाने के लिए गई। लौटते समय ट्रैक्टर ने मां-बेटी और एक अन्य महिला को टक्कर मार दी। मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से प्रियंका देवी, उसकी पांच वर्षीय बेटी शिया और महिला लता देवी निवासी देहरा गांव को बलद्वाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। प्रियंका और उसकी बेटी शिया को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
गांव के दिलाराम और पूर्व प्रधान प्रोमिला देवी ने आरोप लगाया है कि मिट्टी ढोने में लगे ट्रैक्टर तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ रहे हैं। तेज रफ्तारी के कारण ही हादसा हुआ है। डीएसपी घुमारवी अनिल ठाकुर ने कहा कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।