- संघ ने मंत्री यादविंदर गोमा को ज्ञापन सौंपकर उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। व्यावसायिक शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल बिलासपुर में युवा सेवाएं और खेल मंत्री यादविंदर गोमा से बिलासपुर में मिला। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई व्यावसायिक शिक्षक संघ की उप प्रधान यामिनी पवार और जिला प्रधान सुशील धीमान ने की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कंपनियां वोकेशनल शिक्षकों का शोषण कर रहीं हैं। कई कंपनियां शिक्षकों को वेतन भी समय पर नही दे रही हैं। मार्च 2025 में राज्य सरकार का व्यावसायिक शिक्षकों को आउटसोर्स आधार पर नियुक्त करने वाली कंपनियों के साथ हुआ एमओयू खत्म होने जा रहा है। इसलिए प्रदेश सरकार से आग्रह है कि इस बार एमओयू सीधा प्रदेश और केंद्र सरकार के बीच होना चाहिए, ताकि कंपनियां अपनी मनमर्जी न कर पाएं। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि व्यावसायिक शिक्षकों की आवाज को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री जी के समक्ष रखे। यामिनी पवार ने बताया कि मंत्री गोमा ने व्यावसायिक शिक्षकों को शिमला आमंत्रित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के समक्ष व्यावसायिक शिक्षकों की जायज मांग को रखने के लिए आश्वासन दिया। उन्होंने कहा की व्यावसायिक शिक्षकों की मांग जायज है और जल्द ही सरकार के साथ मिल कर इसका हल निकाल लिया जाएगा। यामिनी पवार ने बताया कि प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षक लंबे समय से हरियाणा की तर्ज पर पॉलिसी की डिमांड कर रहे हैं। यह शिक्षक कंपनियों के शोषण से निजात पाने के लिए अपनी मुहिम तेज कर रहे हैं। जल्द ही व्यावसायिक शिक्षक शिमला का रुख करेंगे।