बरठीं (बिलासपुर) की सुन्हाणी पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट 2 अक्तूबर से शुरू होगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने प्लांट का निरीक्षण किया और इसे स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर टू डोर कचरा संग्रहण से बढ़ेगी स्वच्छता
विज्ञापन
सिंगल यूज प्लास्टिक के निपटान के लिए एडीसी ने किया प्लांट का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं(बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक के निपटान के लिए स्थापित प्लांट 2 अक्तूबर से सुचारू रूप से कार्य करना शुरू करेगा।
वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर ओम कांत ठाकुर ने प्लांट का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला विकास अधिकारी बिलासपुर यशपाल परमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास खंड अधिकारी झंडूता संजीव पुरी और आसपास की पंचायतों के प्रधानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह पहल स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुरी ने कहा कि डोर टू डोर कचरा संग्रहण से क्षेत्र में स्वच्छता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग और जागरूकता फैलाने की अपील की। इस अवसर पर बड़गांव पंचायत के प्रधान निक्कू राम, ग्राम पंचायत सुन्हाणी के उप प्रधान विक्रम परमार, निहाण के प्रधान अक्षय कुमार, पंचायत सचिवों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।