नवीनीकरण के बाद भी नहीं सुधरी भटेड़–लेहड़ी सरेल–लदरौर सड़क की हालत
लोगों का कहना, पानी की निकासी के लिए नहीं बनाई गई नालियां
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उप तहसील भराड़ी के तहत भटेड़–लेहड़ी सरेल–लदरौर सड़क लोगों के लिए सुविधा से ज्यादा परेशानी और खतरे का कारण बन चुकी है। करीब एक साल पहले इस सड़क का नवीनीकरण कार्य करवाया गया था, जिस पर विभाग की ओर से करीब पांच करोड़ रुपये की राशि खर्च करने का दावा किया गया, लेकिन नवीनीकरण के बाद भी सड़क की दशा देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि कार्य में गुणवत्ता और योजना दोनों का ही अभाव रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ती है और प्रतिदिन सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की चौड़ाई इतनी कम है कि दो वाहन आमने-सामने आने पर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। कई स्थानों पर तो वाहन चालकों को एक-दूसरे को पास देने के लिए गाड़ी को सड़क के बिल्कुल किनारे तक ले जाना पड़ता है, जहां डंगे न होने से गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार यह सड़क हादसों का कारण बन चुकी है। सड़क के किनारे डंगे नहीं हैं और कई जगहों पर सड़क की सतह टूट चुकी है। यदि कोई वाहन चालक थोड़ा भी नियंत्रण खो दे तो नीचे गहरी खाई में गिर सकता है, उन्होंने कहा कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार नवीनीकरण के दौरान सिर्फ ऊपरी सतह पर तारकोल बिछाकर खानापूर्ति की गई। पानी निकासी की नालियां नहीं बनाई गईं, जिससे बरसात के दौरान सड़क पर पानी बहता है और तारकोल उखड़ गया है। कुछ ही महीनों में सड़क की हालत फिर से खराब हो गई है। स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब सड़क के नवीनीकरण पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए गए, तो यह राशि आखिर खर्च कहां हुई? ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे कार्य की जांच करवाई जाए ताकि यह पता चल सके कि कार्य में कोई अनियमितता तो नहीं हुई। उनका कहना है कि इस सड़क पर भारी भरकम खर्च होने के बावजूद न तो इसकी चौड़ाई में कोई विशेष वृद्धि की गई और न ही सुरक्षा के लिहाज से पैरापिट या डंगे बनाए गए। उधर, सहायक अभियंता रत्न सिंह ने कहा कि बरसात के समय सड़क पर तारकोल आदि उखड़ी थी, जिसकी मरम्मत करवाई जा रही है। सड़क पर जो भी दिक्कतें होंगी उनको दुरुस्त करने के लिए विभाग ने कर्मी लगा दिए हैं।