बिलासपुर। डीएम के आदेश पर बीएसए ने छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में शिक्षामित्र की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की है।
खंड शिक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ ने बताया कि क्षेत्र के कुछ लोगों व अभिभावकों ने 30 नवंबर 2021 को प्राथमिक विद्यालय स्वर्ग फार्म के शिक्षामित्र प्रशांत मंडल पर छात्राओं के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार द्वारा की गई थी। वहीं, निखिल भारत बंगाली समन्वय समिति के प्रदेश महासचिव दीपांकर बैरागी द्वारा दो दिसंबर को एसडीएम के माध्यम से डीएम को पत्र भेजकर आरोपी शिक्षामित्र के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था। एसडीएम व खंड शिक्षाधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के माध्यम से डीएम को भेजी थी।
उन्होंने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी व डीएम के समक्ष समस्त पत्रावली प्रस्तुत की गई। इस पर डीएम द्वारा प्रशांत मंडल शिक्षामत्र की संविदा समाप्त किए जाने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना सिंह ने डीएम के आदेशों के अनुपालन में मंगलवार को तत्काल प्रभाव से शिक्षामित्र की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की है।