- घुमारवीं में छह दिवसीय थेरेपी शिविर का समापन
- शिविर में 67 दिव्यांग बच्चों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। समग्र शिक्षा बिलासपुर की ओर से बीआरसी कार्यालय घुमारवीं में आयोजित छह दिवसीय थेरेपी शिविर का शनिवार को समापन हुआ। शिविर में झंडूता, घुमारवीं-1 और घुमारवीं-2 शिक्षा खंडों के 67 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया।
जिला समन्वयक डॉक्टर पुष्पराज ने बताया कि इस शिविर में मानसिक, बोलने, सुनने, चलने-फिरने से ग्रस्त बच्चों के उपचार और सुधार की अलग-अलग विधियां बताई गईं। साथ ही विशेषज्ञों ने प्रतिदिन इन दिव्यांग बच्चों को अभ्यास भी कराया। शिविर में केंद्रीय पुनर्वास केंद्र सुंदरनगर के विशेषज्ञों डॉक्टर प्रदीप पाहवा, डॉक्टर नंदलाल, डॉक्टर आदिश ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के समापन अवसर पर विभाग द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को हेल्थ किट भी प्रदान की गई। इस किट में बच्चों के दैनिक उपयोग और उनकी दिव्यंगता से संबंधित सामग्री उपलब्ध करवाई गई। डॉक्टर पुष्पराज शर्मा ने उपस्थित सभी अभिभावकों से भी आग्रह किया कि शिविर में बताई गई सभी विधियों का घर में प्रतिदिन बच्चों का अभ्यास करवाएं। उन्होंने इस शिविर में बीआरसी कार्यालय में कार्यरत सभी सदस्यों का पूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी मधु, आशा, निर्मला, सुनीता और अन्य उपस्थित रहे।