- आरोपी पर पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज
- लाखों में आंकी जा रही बरामद खेप की कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा थाना पुलिस ने एक घर पर छारा मारकर 41.13 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उस पर पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। बरामद चिट्टा की कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार बरमाणा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजगाईं में एक व्यक्ति अपने घर से चिट्टा की खरीद फरोख्त करता है और शनिवार को भी उसके घर पर चिट्टा की खेप मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा। इस दौरान घर में ईंट के नीचे छिपाया 41.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान पुनीत कुमार उर्फ पुन्नू निवासी गांव पंजगाईं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि आरोपी पहले भी दो बार मादक पदार्थ चिट्टा के साथ पकड़ा जा चुका है। उस पर लगातार नजर रखी जा रही थी। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।