- नम्होल में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन
-10 खंडों की 410 छात्र खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होल में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय माइनर खेलों का शनिवार को समापन हो गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और बधाई दी।
तीन दिवसीय खेलों में 10 खंडों की 410 छात्र खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में स्वारघाट जोन ने घुमारवीं जोन को 39-34 से मात दी। वॉलीबाल के फाइनल में झंडूता जोन ने जुखाला जोन को 3-0 से मात दी। खो-खो के फाइनल में घुमारवीं जोन ने जुखाला जोन को 11-4 से मात दी। वहीं बैडमिंटन में सदर जोन ने स्वारघाट जोन को 2-0 से मात दी। इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्यातिथि ने सभी विजेता खिलाड़ियों सम्मानित किया। उन्होंने उन्हें इसके लिए बधाई और आगामी खेलों के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों ने मुख्य अतिथि को मार्च पास्ट की सलामी दी। इस अवसर पर स्थानीय पाठशाला की छात्राओं ने पहाड़ी नाटी, लोकनृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने कहा कि खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलना चाहिए। खेल हमारे लिए बहुत ही लाभदायक हैं। खेल हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करना और लग्न सिखाते हैं। जिला सहायक शारीरिक शिक्षा अधिकारी राजकुमार राणा ने खेलों की सभी जानकारी मुख्य अतिथि और अन्य लोगों को दी। इस मौके पर स्थानीय पाठशाला प्रधानाचार्य प्रीतलाल शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।