- जिले के 305 स्कूलों के 6770 विद्यार्थी लेंगे हिस्सा
-3 नवंबर को स्कूलों में आयोजित होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को जानने के लिए राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) सोलन राज्य शैक्षिक उपलब्धि सर्वेक्षण करेगा। इसके तहत 3 नवंबर को प्रदेश भर के स्कूलों में तीसरी, छठी और 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एक परीक्षा आयोजित होगी।
इस परीक्षा के तहत तीसरी कक्षा के छात्रों की बुनियादी साक्षरता, अंकगणित, छठवीं के छात्रों का भाषा, गणित, पर्यावरण शिक्षा और नौवीं के छात्रों का भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में ज्ञान को जांचा जाएगा। यह सर्वेक्षण प्रश्नावली के माध्यम से किया जाएगा। सर्वेक्षण में जिले के 305 स्कूलों के तीसरी, छठवीं और नौवीं कक्षा के 6770 विद्यार्थी भाग लेगें। इस सर्वेक्षण को 115 डीएलएड प्रशिक्षुओं और 220 बीएड प्रशिक्षुओं की सहायता से आयोजित किया जाएगा। शोध एवं मूल्यांकन समन्वयक संजय शामा ने कहा कि इस सर्वेक्षण को संपन्न करने के लिए 335 क्षेत्र अन्वेषकों की आवश्यकता होगी। इसमें से कुछ क्षेत्र अन्वेषकों का प्रशिक्षण हो गया है, बाकि क्षेत्र अन्वेषकों का प्रशिक्षण 27 अक्तूबर को करवा दिया जाएगा। जिला उपनिदेशक उच्च शिक्षा जोगिंदर सिंह राव ने कहा कि सर्वेक्षण को कराने के लिए सभी स्कूलों के मुखियाओं को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उस दिन सभी चयनित कक्षाओं के सभी विद्यार्थियों का स्कूल पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि सर्वे को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।