झंडूता के दोकड़ू में क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू, विधायक जीतराम ने किया शुभारंभ
महादेव यूथ क्लब रोहल ने जीता प्रतियोगिता का पहला मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता के साथ लगते दोकड़ू में वीरवार से क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई। महादेव यूथ क्लब रोहल द्वारा आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने बल्ले से एक शाॅट लगाते हुए किया। इस मौके पर उन्होंने आयोजन के लिए 5 हजार रुपये और क्रिकेट ग्राउंड के विकास व विस्तारीकरण के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
उद्घाटन मैच डाहड और महादेव यूथ क्लब रोहल के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंत में मेजबान महादेव यूथ क्लब रोहल की टीम ने जीत दर्ज की। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। स्वस्थ रहने के लिए हर आयु वर्ग के लोगों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं के लिए यह एक मजबूत आधारशिला है। खेलों से न केवल शारीरिक और बौद्धिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क, एकता, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है, जो जीवन में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में मददगार साबित होती है। इसके साथ ही युवाओं को खुद फिट रहने के साथ परिवार के अन्य सदस्यों को भी फिटनेस के लिए प्रेरित करना चाहिए।
विधायक ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे देश का भविष्य हैं और आने वाले समय में देश की बागडोर उनके हाथों में होगी। उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान में बड़ी संख्या में युवा नशे की दलदल में फंसकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। खेलों से जुड़कर वे नशे समेत अन्य बुरी आदतों और तनाव जैसी समस्याओं से बच सकते हैं। उन्होंने महादेव यूथ क्लब रोहल को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। इस अवसर पर प्यारू राम सांख्यान, राजकुमार, राकेश धीमान, शुभम शर्मा, अमित चंदेल और मनोज समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।