ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं देने की पहल, सुबह-शाम जारी रहेगा अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। अशोका इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुठेड़ा में विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से पांच दिवसीय तीरंदाजी प्रशिक्षण शिविर शुरू। शिविर में स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तीरंदाजी की विभिन्न तकनीकों, नियमों और सुरक्षा संबंधी पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य साधने की सही तकनीक, शरीर का संतुलन बनाए रखने के तरीके और तीरंदाजी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ अभ्यास किया तथा खेल के प्रति विशेष रुचि दिखाई। विद्यालय के चेयरमैन अशोक कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। तीरंदाजी जैसे खेल बच्चों में आत्मविश्वास, धैर्य, एकाग्रता और अनुशासन का विकास करते हैं। मुख्य अध्यापक सुमित ने बताया कि विद्यालय समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित करता है, ताकि विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके। शिविर में हिमाचल प्रदेश तीरंदाजी एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी रघुनाथ ने भी विद्यार्थियों को तीरंदाजी के महत्व से अवगत कराया। बिलासपुर तीरंदाजी संघ के जनरल सेक्रेटरी राज कुमार ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन बच्चों को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें नशे और मोबाइल की लत जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी मददगार साबित होते हैं। पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों ने तीरंदाजी की बारीकियां सीखीं। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की आवश्यकता जताई।
इनसेट
प्रशिक्षण में कोई भी ले सकता है भाग
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि तीरंदाजी प्रशिक्षण शिविर का अभ्यास आगे भी प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तथा दोपहर 2 से 4 बजे तक विद्यालय परिसर में जारी रहेगा। इच्छुक विद्यार्थी एवं युवा स्कूल में पंजीकरण कर प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं।