शॉल, हिमाचली टोपी और पुष्प गुच्छ भेंट कर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वरिष्ठ नागरिक सभा ने उपायुक्त राहुल कुमार के स्थानांतरण पर उन्हें सम्मानित कर विदाई दी। सभा के अध्यक्ष डॉ. जेएन मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में बिलासपुर में उनके कार्यकाल के दौरान दी सेवाओं और योगदान की सराहना की गई। सभा के सदस्यों ने उन्हें शॉल, हिमाचली टोपी और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। राहुल कुमार अब शिमला में हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के पद पर सेवाएं देंगे।
समारोह से पहले सभा के सदस्यों ने उपायुक्त कार्यालय में राहुल कुमार को सम्मानित किया। इसके बाद वरिष्ठ नागरिक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनके कार्यकाल के दौरान दिए गए सहयोग और सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया। महासचिव मस्तराम वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।
राहुल कुमार ने सम्मान और स्नेह के लिए वरिष्ठ नागरिक सभा के सदस्यों का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, तहसील कल्याण अधिकारी कमल शर्मा, नगर परिषद के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे। इस दौरान ओम प्रकाश गर्ग, राजपाल सरीन, ई. मनमोहन भंडारी, ई. प्रेमलाल पराशर, ई. अशोक धीमान और ई. रमेश टंडन सहित सभा के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।