संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की चहल-पहल बढ़ गई है। करीब 38 दिनों के अवकाश के बाद सोमवार को 70 फीसदी विद्यार्थियों ने हाजिरी भरी। इसी के साथ सरकारी शिक्षण संस्थान नियमित तौर पर शुरू हो गए हैं।
हालांकि, स्कूल शनिवार को ही खुल गए थे, लेकिन बच्चों की संख्या न के बराबर रही थी। सोमवार को भी करीब 70 फीसदी बच्चों ने ही स्कूल में हाजरी भरी।
इस बीच, कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए दो गज की दूरी और मास्क के नियम का पालन स्कूलों में सीमित तौर पर ही दिखा। विद्यार्थी कक्षाओं में तो मास्क पहनकर बैठे, लेकिन स्कूल परिसरों में बिना मास्क के ही ग्रुपों में गपशप करते दिखे।
कोरोना नियमों का सख्ती से पालन होता नहीं दिखा। बता दें कि सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों में बच्चों के लिए मास्क अनिवार्य किया है।
जिले के कई स्कूल मैदानों में की सूरत भी छुट्टियों के बाद बदली हुई दिखी। बरसात में बेतरतीब घास और भांग की पौध मैदानों में उग आई है। स्कूल खुलने पर भी घास को साफ नहीं किया गया।
उप निदेशक उच्च शिक्षा राजकुमार ने बताया कि स्कूल शुरू होने से पहले ही स्कूल परिसरों की सफाई करवाने के निर्देश दिए गए थे। अगर किसी स्कूल मैदान में सफाई नहीं होगी तो उसे साफ करने के आदेश विद्यालय प्रमुख को दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि स्कूल में कोविड नियमों का पालन अनिवार्य है। स्कूल प्रबंधन को बच्चों पर ध्यान देना होगा, ताकि वो इनका पूरी तरह से पालन करें और कोरोना संक्रमण से बचे रहें।