शराब के ठेके को खोलने के विरोध को लेकर एसवीएम स्कूल निहाल की छात्राओं को समझाते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
लोहर निहाल में एसवीएम स्कूल के पास शराब का ठेका खोलने के विरोध में स्कूल की छात्राओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को छात्राओं ने सड़क पर उतरकर इसका विरोध किया।
इस मौके पर स्कूल की अध्यापिकाएं और स्थानीय लोग भी छात्राओं के साथ थे। स्कूली छात्राओं में इस बात को लेकर गुस्सा था कि नियमों को ताक पर रखकर स्कूल पास सरकारी भूमि में शराब का ठेका खोला जा रहा है।
इस मौके पर छात्राओं और लोगों ने शराब का ठेका खोलने के लिए बनाए जा रहे शेड का काम भी रुकवा दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं को मुश्किल से समझाकर शांत करवाया। मगर लोग इसके बाद भी यहां शराब का ठेका खोलने के विरोध में अड़े रहे।
मामला सोमवार दोपहर करीब दो बजे का है जब लोअर निहाल एसवीएम स्कूल की छात्राएं और अध्यापकों शराब ठेके विरोध में सड़कों पर उतर आए। इसके बाद उन्होंने स्कूल से कुछ दूरी पर शराब के ठेके को खोलने के लिए बनाए जा रहे शेड का कार्य बंद करवा दिया।
इस मौके पर स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। माहौल तनावपूर्ण होता देख वहां पर पुलिस बल भी पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने छात्राओं और लोगों को समझाने की कोशिश की। मगर छात्राएं और लोग यहां पर ठेका न खुलने की बात पर अड़े हुए थे।
काफी समझाने के बाद छात्राएं वहां से चली गईं। मगर स्थानीय लोग मौके पर डटे रहे। वहां पर मौजूद लोगों का कहना था कि जहां पर ठेके को खोलने के लिए खोखा बनाया जा रहा है, वह सरकारी भूमि है।
ऐसे में वह वहां पर कैसे खोखा डालकर शराब का ठेका खोला जा सकता है। इस तरह तो वहां पर कोई भी आकर अपना खोखा खोल कर दुकान चला सकता है। साथ ही लोगों का कहना है कि जहां पर शराब के ठेके को खोलने के लिए खोखा बनाया जा रहा है। वहां से 40 मीटर की दूरी पर ही मंदिर भी है। ऐसे मेें यहां पर शराब का ठेका खोलना गैरकानूनी है। लोगों का कहना है कि वह किसी भी कीमत पर यहां पर ठेका नहीं खुलने देंगे।