- हवाण और तल्याणा स्कूल में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में परिवहन विभाग की ओर से विशेष सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हवाण और तल्याणा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी राजेश कौशल ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग, आपातकालीन सेवाएं, चिन्ह, ट्रैफिक लाइट, हाथ चिन्ह और अन्य संबंधित तथ्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि हर साल देश और राज्य में हजारों की संख्या में सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे काफी लोगों की मृत्यु हो जाती है। उन्होंने बताया कि हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है कि सड़क दुर्घटना के नियंत्रण के लिए सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों का पालन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार के सदस्यों और मित्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वाहन का परिचालन सही उम्र में करें और आवश्यकता पड़ने पर अपने परिवारजनों की सहायता प्राप्त करें। इस अवसर पर सभी अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।