बिलासपुर-ब्रह्मपुखर बाया बंदला सड़क खस्ताहाल
विभाग ने कुछ डंगों की कराई है मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल सदर के अंतर्गत बिलासपुर-ब्रह्मपुखर वाया बंदला सड़क बरसात के दौरान हुए नुकसान के कारण अभी भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाई है। भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर डंगे गिर गए थे, जिससे मार्ग की स्थिति कमजोर हो गई है और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि संबंधित विभाग की ओर से जहां संभव हुआ है, वहां अस्थायी तौर पर मरम्मत की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के दिनों में इस सड़क पर कई जगह डंगे गिरने से मार्ग संकरा हो गया है। इससे खासकर रात के समय और बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान खतरा बना रहता है। कई जगहों पर सड़क किनारे की सुरक्षा दीवारें कमजोर हो चुकी हैं, जिससे वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क आसपास के कई गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ती है, इसलिए इसका सुरक्षित और मजबूत होना बेहद जरूरी है। बरसात के बाद प्राथमिकता के आधार पर कुछ स्थानों पर ड्राई ऐजिंग लगाकर अस्थायी मरम्मत की गई है, ताकि यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। इसके बावजूद कुछ हिस्सों में स्थायी डंगे और मजबूत सुरक्षा दीवारें लगनी अभी बाकी हैं। विभाग ने इन कार्यों को पीडीएनए में शामिल कर लिया है। पीडीएनए के तहत प्रदेश में आपदा के दौरान हुए नुकसान का आकलन कर मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए बजट निर्धारित किया जाता है। जैसे ही इस योजना के अंतर्गत स्वीकृत बजट जारी होगा, बिलासपुर-ब्रह्मपुखर बाया बंदला सड़क पर बचे हुए डंगों और सुरक्षा कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द स्थायी मरम्मत करवाई जाए, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके।
वहीं कनिष्ठ अभियंता देशराज ने बताया कि कुछ स्थानों पर ड्राई ऐजिंग कराई गई है। विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है। जहां पर कार्य बचा है उसके लिए प्राक्कलन तैयार कर पीडीएनए के तहत डाला गया है।