बैहल-टोबा-नयना देवी सम्पर्क सड़क पर दो साल बाद भी नहीं बन सका पुल।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)। लोक निर्माण विभाग उपमंडल स्वारघाट के तहत बैहल, टोबा, नयना देवी संपर्क सड़क पर पंजाब-हिमाचल की सीमा पर चिकनी खड्ड पर बना पुल बरसात में भारी बारिश के दौरान बह गया था जिसे विभाग की ओर से अभी तक बनाया नहीं गया है। इसके चलते तीन पंचायतों बैहल, कौड़ावाला, धरोट की जनता के साथ-साथ पंजाब की कई पंचायतों के लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि भारी बारिश के कारण बैहल की चिकनी खड्ड पर बना पुल एक साल पहले बह गया था जिसके चलते जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बीमार लोगों, स्कूली बच्चों और वाहनों में सफर करने वाले लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है। हालांकि उपरोक्त पुल के बहने के बाद लोनिवि द्वारा मिट्टी व पत्थर भरकर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।
इस पुल से गुजरना काफी जोखिम भरा है और लोगों को हिचकोले खाते हुए वाहनों में सफर करना पड़ रहा है। बता दें कि उक्त पुल से होकर औद्योगिक क्षेत्र ग्वालथाई, भाखड़ा और नयना देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं व लोगों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
उपमंडल स्वारघाट लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता जगत राम ठाकुर ने कहा कि उपरोक्त पुल का टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है और कार्य ठेकेदार को अवार्ड कर दिया गया है। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।