- समिति एक साल पहले उठाया था भवन के रखरखाव का जिम्मा
-लोगों को मिलेगी सार्वजनिक, निजी कार्यक्रम कराने की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में स्थित आंबेडकर भवन का पुनर्निर्माण आंबेडकर समिति घुमारवीं की ओर से पूरा कर लिया गया है। करीब एक साल पहले समिति ने इस भवन के पुनर्निमाण का जिम्मा उठाया था, जो अब पूरा हो गया है।
प्रदेश में बनाए गए आंबेडकर भवनों की तरह घुमारवीं में भी इस तरह के भवन का निर्माण करवाया गया था, ताकि इस भवन में विभिन्न तरह के राजनीतिक और सामाजिक सभाओं का आयोजन किया जा सके। देखरेख के अभाव में यह भवन बेहद बदहाल स्थिति में था। 2011 में बनकर तैयार हुए आंबेडकर भवन बनने के बाद इस भवन को नगर परिषद घुमारवीं के हवाले कर दिया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव में इस भवन की हालत बेहद जर्जर हो चुकी थी। इसके बाद इस भवन का जीर्णोद्धार करना तो दूर की बात इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। उचित देखभाल न होने के कारण शरारती तत्व भवन के पंखे, बिजली बोर्ड के स्विच, दरवाजे, खिड़कियां, लोहे की ग्रिल आदि सब कुछ चोरी कर ले गए थे। इसके बाद कुछ संगठनों ने इसके निर्माण की गुहार लगाई थी। बजट के अभाव में इसकी मरम्मत नहीं हो पा रही थी। 30 मई 2023 को आंबेडकर समिति घुमारवीं ने इस भवन के पुनर्निर्माण व रखरखाव की जिम्मेदारी ली। समिति द्वारा करीब दो लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च कर एक वर्ष के भीतर इस भवन का जीर्णोद्धार करवाया गया है। इसके बाद इस भवन में अब बिजली, पानी और शौचालय सहित हर सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। समिति के प्रधान मंसाराम ने बताया कि समिति द्वारा भवन के पुनर्निर्माण और भविष्य में रखरखाव का जिम्मा उठाया है। इसके बाद इसे पूरी तरह से तैयार करवा दिया गया है। समिति की माने तो अब लोगों को किसी भी तरह के सार्वजनिक और निजी कार्यक्रम इस आंबेडकर भवन में करवा सकते हैं। इसके लिए छोटी सी फीस चुकानी होगी। समिति ने गरीब कन्याओं की शादी में सहयोग देने की बात भी कही है। समिति की माने तो जुलाई में होने वाली एक गरीब कन्या की शादी में समिति ने पूरी धाम का खर्चा उठाने का निर्णय लिया है। आंबेडकर भवन के जीर्णोद्धार के बाद स्थानीय लोगों में भी धार्मिक कार्यक्रमों और शादियां करवाने के लिए उपयुक्त स्थान मिलने पर बेहद खुशी जताई है।