-स्टूडेंट्स सोशल वेलफेयर समिति ने मनाया वार्षिक 15वां अधिवेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपतहसील भराड़ी के तहत द भराड़ी एक्स स्टूडेंट्स सोशल वेलफेयर समिति भराड़ी का 15वां वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। वार्षिक अधिवेशन में समिति ने भराड़ी स्कूल के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य तरसेम सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में सबसे पहले से समिति के महासचिव जेके शर्मा और कोषाध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा ने वार्षिक आय व्यय का ब्योरा सभी के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि समिति का हर कार्य पारदर्शिता के साथ किया जाता है। साथ ही उन्होंने बताया कि समिति के 24 सदस्य स्वर्गवास हो चुके हैं। उनकी स्मृति में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखा गया। समिति ने भराड़ी स्कूल के मेधावी बच्चों में कीर्ति शर्मा और कनिका शर्मा व अन्य को सम्मानित किया। साथ ही समिति के 75 वर्ष पूरे होने पर आठ वरिष्ठ नागरिकों को टोपी शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसमें ज्ञानचंद भारद्वाज, कमला देवी, रूपलाल धीमान, टीएस पठानिया, अधिवक्ता जगदीश राम शर्मा, जगदेव सिंह ठाकुर और डंडू राम शर्मा शामिल रहे। समिति के प्रधान आजाद चंद वर्मा ने बताया कि इस समिति की नींव 2010 में भराड़ी स्कूल की एक ही कक्षा के 17 सहपाठियों ने मिलकर रखी थी। आज समिति अपना 15 वां वार्षिक अधिवेशन मना रही है। वर्तमान में समिति के करीब 200 सदस्य हैं। सभी का भरपूर सहयोग मिलता है और भविष्य में इसी तरह के सहयोग की कामना की जाती है। इस दौरान ज्ञानचंद निवासी गांव लढ़याणी की पत्नी की गंभीर बीमारी के चलते उन्हें सात हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इसके अलावा सलाहों गांव की गोद ली गई बच्ची ज्योति देवी को हर माह दी जाने वाली 2500 रुपये की राशि दी गई। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में कहा कि समिति की ओर से जिन बच्चों को सम्मानित किया जाता है, उनके बारे में बाद में भी पता करना चाहिए और उनको साथ लेकर चलें। इस मौके पर ओमप्रकाश भारद्वाज और मदनलाल दुर्वासा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा समिति के मुख्य सलाहकार दीवाना राम चौधरी, सचिव कृष्ण लाल शर्मा, डीएस चौधरी, डॉ. राजकुमार शर्मा और बलिराम शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।