कार्यक्रम की रूपरेखा जारी, कई दिन तक होंगे आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राम नवमी एवं हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री राम नाटक समिति बिलासपुर की ओर से डियारा स्थित श्री हनुमान मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।
समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 25 मार्च को सुबह 10:00 बजे से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ होगा। 26 मार्च को सुबह 11:00 बजे हवन एवं पूर्ण आहुति दी जाएगी, जबकि उसी दिन दोपहर 3:00 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 26 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों व भजन मंडलियों द्वारा श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 2 अप्रैल को हवन एवं विशाल भंडारे के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्री राम नाटक समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन आयोजन में भाग लें और धर्म लाभ अर्जित करें।